कचरे के ढेर को बना दिया फूलों की घाटी! - Kavita Rawat Blog, Kahani, Kavita, geet, bhajan, Lekh, Yatra vritant, Sansmaran, Bacchon ka Kona
ब्लॉग के माध्यम से मेरा प्रयास है कि मैं अपनी कविता, कहानी, गीत, गजल, लेख, यात्रा संस्मरण और संस्मरण द्वारा अपने विचारों व भावनाओं को अपने पारिवारिक और सामाजिक दायित्व निर्वहन के साथ-साथ सरलतम अभिव्यक्ति के माध्यम से लिपिबद्ध करते हुए अधिकाधिक जनमानस के निकट पहुँच सकूँ। इसके लिए आपके सुझाव, आलोचना, समालोचना आदि का हार्दिक स्वागत है।

शनिवार, 21 नवंबर 2026

कचरे के ढेर को बना दिया फूलों की घाटी!

कूड़ेदान से फूलों की वादी तक का सफर

कभी आपने सोचा है कि जहाँ लोग रोज़ कचरा फेंकते हों, उस बदरंग और कीचड़ भरी जगह का क्या हाल होता होगा? हमारे घर के पास भी सड़क किनारे कुछ ऐसा ही दृश्य था... लोग आते-जाते धड़ल्ले से कचरा फेंका करते थे। कई लोग तो ऐसे कि वे अपने दोपहिया या चारपहिया वाहन में अपने घर से कचरा लाकर फेंक देते। यह देख गुस्सा तो बहुत आता, लेकिन समझाएँ तो कैसे और किसे समझाएँ! वे तो फुर्ती से कचरा फेंककर सरपट भाग जाते, और आजकल समझने वाले भी ना के बराबर मिलते हैं। कुछ बोलो तो लड़ने पर उतारू हो जाते हैं—कोई कहता है कि सड़क आपकी नहीं है, मकान भी सरकारी है, फिर क्यों तकलीफ़ होती है, हमारी मर्जी कहीं भी फेंकें!
सड़क पर कचरा फेंकने वालों की कोई कमी नहीं है, लेकिन कुछ 'पशु प्रेमी' भी कम नहीं। कोई गाय के लिए रोटी लाता है तो सड़क किनारे फेंककर चला जाता है, और कुछ तो सुबह-सुबह कुत्तों को बिस्किट खिलाते हैं और रैपर व कचरा रोड पर फेंककर निकल जाते हैं। काश, जीवों के प्रति इस स्नेह के साथ-साथ स्वच्छता और धरती के प्रति संवेदना भी जुड़ पाती!
बावजूद इसके हमने कभी हार नहीं मानी! सड़क किनारे किसी की फेंकी हुई अमेरिकन यानी मेक्सिकन सनफ्लॉवर की कलम बनाकर हमने लगा दी। और आज देखिए... यहाँ सैकड़ों पीले फूल ऐसे खिले हैं कि मानो कोई छोटी-सी फूलों की घाटी बस गई हो।
पर कहानी यहाँ फिर भी खत्म नहीं हुई है! कचरा तो आज भी लोग फेंक रहे हैं, और दूसरी तरफ इन खूबसूरत फूलों को देखकर अब बहुत लोग सुबह-सुबह बड़ी बेशर्मी से हुक लगी लकड़ी लेकर इन्हें भगवान को चढ़ाने के लिए तोड़ने चले आते हैं! ये वही लोग होते हैं जो पेड़-पौधों को भी कचरा समझते हैं और अपने घर में लगाने से बचते हैं। सुबह-सवेरे इनका एक ही काम होता है—जहाँ भी फूल दिखें, उन्हें हुक लगी डंडी से तोड़कर चुपके से भाग निकलना। कोई इन्हें नहीं समझा सकता कि दूसरों की मेहनत और उजाड़कर तोड़े गए फूलों से भगवान कितने प्रसन्न होते होंगे।
हालाँकि हमने लगाए पौधों की काँटेदार झाड़ियों और कीचड़ से पहरा बैठा रखा है, फिर भी लोग बाज नहीं आते, तो दिल को ठेस ज़रूर लगती है। पर चाहे कितनी भी निराशा हाथ लगे, प्रकृति से यह प्यार कम नहीं होता... हम फिर से जुट जाते हैं, क्योंकि यह धरती का कर्ज है हम पर, जिसे लौटाना हम अपना फ़र्ज़ समझते हैं।
क्या आपके आसपास भी ऐसे लोग हैं जो पेड़-पौधे तो कभी लगाते नहीं हैं, लेकिन बनी-बनाई खूबसूरती बिगाड़ना बखूबी जानते हैं? कमेंट में अपने अनुभव ज़रूर बताएँ।
... कविता रावत

कोई टिप्पणी नहीं:

क्या आपको यह रचना पसंद आई?

ऐसी ही और रचनाओं के लिए मुझसे जुड़ें: