'ए' और 'ऐ' अक्षर के मुहावरों की अनोखी कविता | हिंदी मुहावरा-माला | - Kavita Rawat Blog, Kahani, Kavita, geet, bhajan, Lekh, Yatra vritant, Sansmaran, Bacchon ka Kona
ब्लॉग के माध्यम से मेरा प्रयास है कि मैं अपनी कविता, कहानी, गीत, गजल, लेख, यात्रा संस्मरण और संस्मरण द्वारा अपने विचारों व भावनाओं को अपने पारिवारिक और सामाजिक दायित्व निर्वहन के साथ-साथ सरलतम अभिव्यक्ति के माध्यम से लिपिबद्ध करते हुए अधिकाधिक जनमानस के निकट पहुँच सकूँ। इसके लिए आपके सुझाव, आलोचना, समालोचना आदि का हार्दिक स्वागत है।

मंगलवार, 12 मई 2026

'ए' और 'ऐ' अक्षर के मुहावरों की अनोखी कविता | हिंदी मुहावरा-माला |

'एक आंख से सबको देखने' से लेकर 'एक लाठी से हांकने' तक, जानिए 'ए' और 'ऐ' से जुड़े मुहावरों का बेहद खूबसूरत काव्यात्मक रूप।


एक आँख से सबको देखे,
जो न्याय की मूरत होता है,
पर एक आँख न भाए कोई, तो मन में शूल चुभता है।

जहाँ एकता की शक्ति हो, वहाँ एक और एक ग्यारह हैं,
पर एक ही नौका में सवार जो, उनके मुकद्दर एक सारे हैं।

एक अनार सौ बीमार यहाँ, दुनिया में भारी खींचातानी,
कोई एक की चार लगाता, करता फिरता अपनी मनमानी।

कोई एक-एक के दस-दस करता, लालच की राह पकड़ता है,
तो कोई एक पंथ दो काज कर, चतुरता से आगे बढ़ता है।

एक म्यान में दो तलवारें, भला कहाँ टिक पाती हैं?
एक हाथ से ताली न बजती, बातें बिगड़ती जाती हैं।

जब एक ओर कुआँ दूजी ओर खाई, तो संकट भारी आता है,
इंसान तब एड़ी-चोटी का जोर लगा, मुश्किल से बच पाता है।

कोई एक पाँव से खड़ा रहा, सेवा में जीवन वार दिया,
किसी ने एड़ी-चोटी का पसीना एक कर, अपना भविष्य सँवार दिया।

कुछ एक ही थाली के चट्टे-बट्टे, साज़िश गहरी बुनते हैं,
जो अड़ियल हों अपनी धुन के, वो एक किसी की न सुनते हैं।

चाहे हो कोई ऐरा-गैरा, या हो कोई खास यहाँ,
वक़्त पड़ने पर एड़ियाँ रगड़नी पड़ती हैं बेसाख्ता यहाँ।

गर की किसी ने ऐसी-तैसी, तो मान-सम्मान सब जाता है,
पर जो सबको एक लाठी से हाँके, वही असल में पछताता है।

... कविता रावत

2 टिप्‍पणियां:

सुशील कुमार जोशी ने कहा…

सुंदर

Anita ने कहा…

एक से बढ़कर एक मुहावरे और उनका सुंदर संयोजन, बधाई कविता जी!

क्या आपको यह रचना पसंद आई?

ऐसी ही और रचनाओं के लिए मुझसे जुड़ें: